बैंकॉक (आईएएनएस/सिन्हुआ)। थाईलैंड के नरेश भूमिबोल अदुल्यादेज के निधन के बाद सरकार ने शुक्रवार को राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया है।
शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है, ताकि जनता शोक मना सके। थाईलैंड में सरकार ने नागरिकों से अगले एक महीने के लिए मनोरंजन गतिविधियों से दूर रहने का भी आग्रह किया है।
नरेश के पार्थिव शरीर को शुक्रवार को सिरिराज हॉस्पिटल से ग्रैंड पैलेस लाया जाना है। थाईलैंड में करीब सात दशक तक शासन करने वाले नरेश भूमिबोल अदुल्यादेज के निधन पर शोक संवेदना जताने के लिए कई लोगों के अस्पताल, ग्रैंड पैलेस और अन्य स्थानों पर पहुंचने की उम्मीद है।
दुनिया में सबसे लंबे समय तक शासन करने वाले नरेश का गुरुवार को निधन हो गया था। थाईलैंड में लोगों ने अपने श्रद्धेय व प्रिय नरेश के सम्मान में सोशल मीडिया की पृष्ठभूमि को काले व सफेद रंग का कर दिया है।
राजा भूमिबोल थाईलैंड के लोगों के लिए श्रद्धापात्र थे और उन्होंने देश की स्थिरता और विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। राजा भूमिबोल दोनों देशों के लोगों के बीच की मित्रता को सुदृढ़ करने और द्विपक्षीय सहयोग के विस्तार के लिए एक अपूरणीय योगदान दिया है।गेंग शुआंग प्रवक्ता चीन का विदेश मंत्रालय
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने थाईलैंड के नरेश के निधन पर शोक जताया
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शुक्रवार को थाईलैंड के राजा भूमिबोल अदुल्यादेज के निधन पर शोक जताया। प्रणब ने एक ट्वीट में लिखा, थाईलैंड के महामहिम राजा भूमिबोल अदुल्यादेज के दुखद निधन पर हार्दिक संवेदना। भारत के लोग इस दुख घड़ी में थाईलैंड के लोगों के साथ हैं।